गाँव : देश की धड़कन

Alok Kumar Dwivedi

भारत गाँवों का देश माना जाता है। महात्मा गांधी के इस भाव को उनके वैचारिक अनुयायी आज भी स्वीकार करते हैं। उनके वैचारिकी में भारत का गाँव सुविधाविहीन, अशिक्षित, असंस्कारित एवं दिशाहीन होकर सुशिक्षित, संस्कारयुक्त, संपोष्यभाव को अपनाए हुए तथा जीवन की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति के सक्षम रूप में उपस्थित होता है। सामान्यतः ऐसा माना जाता है की वर्तमान तकनीकी एवं वैज्ञानिक युग में ग्रामीण व्यवस्था अप्रासंगिक हो गई है। परंतु यह अर्धसत्य है। आज भी ग्रामीण जीवन शैली उत्तम जीवन दशा का द्योतक है। गाँव की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता वहाँ का आपसी साहचर्यभाव रहा है। साथ मिलकर एक दूसरे के सुख-दुख के भागीदार के रूप में आगे बढ़ने की प्रवृत्ति गाँवों को शहरों से पृथक करती है। शहरी व्यवस्था स्वकेंद्रित होती है जहाँ पर रह रहे लोगों के अपने-अपने सामाजिक स्तर होते हैं। जबकि गाँव में आपको समाजवाद का अनोखा रूप सामने मिलता है जो कि पारिवारिक समाजवाद है। इसके अंतर्गत गाँव के समस्त लोग एक दूसरे को अपने परिवार के रूप में स्वीकार करते हैं। यह सिर्फ स्वीकार करने तक सीमित नहीं वरन उनके आपसी पारिवारिक संबोधन भी होते हैं। जैसे- गाँव में रह रहे लोगों का आपसी संबोधन नाम लेकर नहीं बल्कि चाचा, ताऊ, भाई, बहन, चाची, दादी, बाबा इत्यादि रूप में होता है। यह व्यवस्था जाति के सामाजिक ताने-बाने से ऊपर उठी होती है जहाँ एक ब्राह्मण का लड़का वैश्य या शूद्र के बुजुर्ग को चाचा या बाबा कह कर ही पुकारता है। परंतु शहरी व्यवस्था के प्रभाव से वर्तमान में यह भाव कमजोर होता जा रहा है जिसकी बानगी यह कहानी कहती है।

श्याम जिसकी उम्र अभी 12 या 13 वर्ष है, अधिकांशतः वह अपने बगल में रामलाल (जोकि जाति के आधार पर नाई जाति के हैं) के घर पर ही उनके बच्चों के साथ खेलने में बिताता रहा है। श्याम के पिता पंडित श्रीनिवास गाँव में पुरोहित कर्म के साथ-साथ लोगों को सदाचार की भी शिक्षा दिया करते थे। समय बीतने के साथ-साथ जब श्याम की उम्र 18-19 वर्ष की हुई तो उसे विद्या अध्ययन के लिए शहर में भेजा गया। शहर में चार-पांच वर्ष व्यतीत करने के पश्चात् जब वह अपने गाँव वापस आया तो अब उसे रामलाल के घर जाने तथा उनके बच्चों के साथ बैठकर भोजन करने में थोड़ी सी हिचक महसूस होने लगी। उसे रामलाल को काका कहने में भी हिचक लगती थी क्योंकि गाँव के ग्रामीण लोगों के हाव-भाव उसके शहरी मनोदशा से बिल्कुल उलट दिखाई पड़ते थे। शहरी आबोहवा ने श्याम को अपनी पहचान के लिए यद्यपि सचेत तथा दृढ़ कर दिया था परंतु वह पारिवारिक एवं सामाजिक समाजवाद के अपने ग्रामीण परिवेश से काफी दूर हो चुका था। आज के ग्रामीण एवं शहरी व्यवस्था में यह एक प्रमुख अंतर पाया जाता है किस शहरी परिवेश का व्यक्ति अपनी पहचान को स्वयं तक सीमित कर लेता है जबकि ग्रामीण परिवेश में लोग अपनी पहचान एवं अस्तित्व को अन्य लोगों से जोड़कर देखना पसंद करते हैं।

वर्तमान कोरोना कालखंड में बहुत अधिक मात्रा में लोग शहर से गाँव की तरफ पलायन कर आए। उन सबके समक्ष रोजगार का गहरा संकट आया हुआ है। गाँव की एक विशेषता यह भी रही है कि यहाँ पर जल्दी भूखे न तो कोई सोता है तथा नहीं भूख से किसी की मृत्यु होने दी जाती है। आपसी सहयोग की भावना से लोग एक दूसरे की मदद कर देते हैं। कोरोना के इस दौर में सरकार ने भी लोगों के जीवन को आगे बढ़ाने के लिए भरसक प्रयास किया है। पर अब समय है कि भारत के गाँव को आर्थिक दृष्टि से भी समृद्ध किया जाए जिससे कि लोगों का शहरों की तरफ पलायन कम हो सके। इसके लिए गाँव के लोगों को उनके कौशल से साक्षात्कार कराया जाना आवश्यक है। जिसके अंतर्गत गाँव में ही ऐसे संसाधन उपलब्ध कराने होंगे कि गाँव में उत्पादित वस्तुओं को बाजार मिल सके।

हाटनाव इस दिशा में एक बहुउपयोगी प्रयास है। हाटनाव के अंतर्गत हम सब का प्रयास है कि ग्रामीण लोगों द्वारा उत्पादित वस्तुओं एवं सेवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर ही बाजार उपलब्ध हो सके। इससे ग्रामीण स्तर की क्षमताओं को प्रकाश में लाने में सहायता होगी तथा वही स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार एवं उपलब्ध बाजार के माध्यम से लोग आत्मनिर्भरता के लक्ष्य की ओर अग्रसर होंगे। इस प्रकार वर्तमान तकनीकी युग में हाटनाव, “तकनीक से ग्रामीण आत्मनिर्भरता” अमेरिका के प्रसिद्ध भारतीय वैज्ञानिक एवं चिंतक प्रोफेसर बलराम सिंह का अनोखा प्रयास है। प्रोफेसर सिंह गांधीजी,  विनोबा भावे तथा नानाजी देशमुख के “ग्रामोदय से राष्ट्रोदय” के विचार से काफी प्रभावित हैं तथा उनका लक्ष्य है कि भारत का गाँव आपसी-सौहार्दय, सामंजस्य, प्रेमपूर्ण भावना के साथ रखते हुए आर्थिक आत्मनिर्भरता के लक्ष्यों को प्राप्त कर सके। यही “ग्रामराज्य से रामराज्य” की सरकार होती संकल्पना है।

Alok Kumar Dwivedi (SRF), Research Scholar, Department of Philosophy      University of Allahabad, & TEAM INADS

बेटवा कै लड्डू

बलराम सिंह

इ बात होए क़रीब सन १९९२ कै, जब हमय मासाचूसेट्ट्स यूनिवर्सिटी मॉ पढ़ावत क़रीब दुई साल भा रहा होए। वैसे तौ अमेरिका मॉ रहत हमका लगभग नौ साल होईगा रहा, लकिन विद्यार्थी जीवन कै बात कुछ और होथै, सब पढ़ाई लिखाई के काम मॉ लगा रहाथे,  एतना फ़ुरसत नाहीं मिलत कि कौनव सामाजिक चर्चा होइ सकय। ज़्यादा से ज़्यादा घर परिवार कै बात होय पावत रही।

बॉस्टन के थोड़ी दूर पै एक जगह डार्ट्मथ अहै, जहाँ पै हम परिवार सहित रहत रहन। एक दिन बग़ल के छोटे शहर वेस्टपोर्ट कै निवासी विवेक नायक के घर म दावत रही। अमरीका मॉ ज़्यादातर लोगै भारत के विभिन्न प्रांत से आवाथे, कुछ जनेन का तौ वहि प्रदेश से केहू पहिली बार मिला थे। लोगन का जिज्ञासा रहाथै एक दूसरे कै सभ्यत-संस्कृति या रीति-रिवाज जानै कै।

This image has an empty alt attribute; its file name is image.png

यहि प्रकार से कुछ चर्चा महाभारत के बारे मॉ चलति रही। बीआर चोपड़ा वाले महाभारत सीरीयल कै ज़माना रहा। तबकै प्रथा कैसनि रही कि द्रौपदी के पाँच पाँच पति रहे, वग़ैरह वग़ैरह। तब विवेक नायक, जवन कि भारत मा महाराष्ट्र कै रहिन, बतावै लागिन कि कैसे ई प्रथा तौ उत्तर प्रदेश मॉ अबहिनो चलाथै। हमरी ओर देखि के कहै लागिन कि जब वे अमेरिका आवै के पहिले बम्बई मा रहिन, अउर उहाँ ‘भैया लोग’ बहुत रहिन। भैया लोग पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोगन बम्बई मा कहा जाथै,  काहेकि अवध क्षेत्र मा भैया शब्द बड़े प्रेम,  आदर और स्नेह से कहि जाथै। गांव देश मा बेरोजगारी के कारण दिल्ली बम्बई जाइके कुछ कमाथे,  और वही मह से बचाइ के कुछ घरहूं भेजाथे। दु दु तिन तिन साल घरहिन नाहीं जाय पउतिन।

विवेक नायक की कहानी अनुसार एक दिन वनके ऑफिस मा काम करै वाला एक भैया लड्डू का पैकेट हाथ मा लइके बड़ी खुशी मा बांटै लाग। तबहिन कौनउ पूछै लाग कि कौनी ख़ुशी मा लड्डू बाँटत हौ भाई?  उ बड़ी उत्साह के साथ कहिस कि बेटवा पैदा भा बॉय। विवेक के अनुसार सबका पता रहा कि वहकर मेहरिया तौ गांवां माँ रहाथै और उ भैया का तौ घरे गए डेढ़ साल से ज्यादा समय होइगा रहा। केउ पुछित कि कैसे पता लागि कि बेटा पैदा भा अहै,  तब उ कहिन गांव से भइया कै चिट्ठी आई रही (वहि समय मा गांव देश म फोन नहीं होत रहा। तब बम्बइया अकिल लगाइन उ सब,  और यहि निष्कर्ष पै पहुंचिन कि इनके बेटवा होय कै मतलब इनकी पत्नी का लड़िका पैदा भा अहै, तौ मतलब वहकर इहै निकला कि सारे भाई मिलके एक पत्नी रखे होइ हैं।  

अइसन भ्रान्ति यहि लिए बनी रही कि भारत कै सांस्कृतिक विभिन्नता के बारे मा अनभिज्ञ अहैं। अवध क्षेत्र अउर खास कइके संयुक्त परिवार कै परम्परा ई होथै कि भाई कै संतान आपन संतान मानी जा थै। परम्परावादी परिवार मा तो अबहिनो अपने पिता जी के बड़े भाई लोगन का बड़े पिता जी,  मझले पिता जी,  इत्यादि ही कहिके बुलावा जाथै। हमरे खुद के घर मा जवन कि संयुक्त परिवार आय,  बड़े पापा, अमेरिका पापा,  दूध पापा (जवन भाई घर के गाय भैंस कै देखभाल कराथें) ही सम्बोधित कइके बुलावा जाथे।

कइसन महान परंपरा वाला देश आय। हुआँ हलवाहे या नौकरौ का काका,  भैया,  और वनके मेहरारू का काकी,  भौजी कहिके बोलावा जाथै! ई समाजवाद लाख माओ या मार्क्स पैदा होइ जायँ तबौ नाही लाय सकतिन। औ यहीं से संस्कार शुरू होथै ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ कै।  अउर एहकै प्रेरणा स्रोत तौ अवध नगरी के राम,  भरत, लक्ष्मण, व शत्रुघ्न ही होइ सकाथें। 

Prof. Bal Ram Singh, Founder, HaatNow

मैंने गाँव देखा है…

श्रीमति प्रीति कौशिक

मैंने गाँव देखा है..

जहाँ शहरों में हम ज़रूरत में खुद को अकेला पाते हैं,

वहाँ गाँव में मैंने बड़ों से अपने, सर पे हाथ फेरते देखा है।

मैंने गाँव देखा है.. 

जहाँ शहरों में ज़िन्दगी भागती जाती है,

वहाँ गाँव में मैंने बुढ़ापा भागते देखा है।

मैंने गाँव देखा है..

जहाँ शहरों में हर नज़र से डर लगता है,

वहाँ मैंने गाँव में हर रिश्ते को अपनाते देखा है।

मैंने गाँव देखा है..

जहाँ शहरों में सड़कों पे गाड़ियों की धूल उड़ती है,

वहाँ मैंने गाँव के खेतों में फसलों को उगते देखा है

मैंने गाँव देखा है..

जहाँ शहरों में लोगों को ऐ.सी. में भी नींद नहीं आती,

वहाँ मैंने गाँव में मंझी पे लोगों को पेड़ों के नीचे सोते देखा है।

मैंने गाँव देखा है..

जहाँ शहरों में लोग सड़कों पे मरते रहते हैं या लोग वीडियो बनाते हैं,

वहाँ मैंने गाँव में लोगों को हल्की-सी सर्दी में भी हाल-चाल पूछते देखा है।

हाँ मैंने गाँव देखा है..

Mrs. Preeti Kaushik, Office and Market Coordinator, HaatNow

ग्रामीण-समाज की व्यवस्था में रिश्तों की गहराई की झलक

डा. अपर्णा धीर खण्डेलवाल

शहरवासियों की दृष्टि में गाँव एवम् ग्रामीणवासी सदैव ही सादा जीवन, सरल बोली, साधारण वेशभूषा, तथा सात्त्विक भोजन की छाप छोडे़ हुए है। मन में ऎसी ही छवि बिठाऐ हुए संयोगवश आज से लगभग चार वर्ष पहले मुझे भी एक गाँव में जाने का अवसर प्राप्त हुआ। मैं चर्चा कर रही हूँ उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर ज़िले में बसे ’कुरूऊँ गाँव’ की। यूँ तो मैं मुख्य रूप से इस गाँव में स्थित ’कुरूऊँ विद्यालय’ के विद्यार्थियों को ‘सोशल मीडिया का शिक्षा-क्षेत्र में योगदान’’ विषय पर आयोजित कार्यशाला में शिक्षित करने हेतु गयी थी परन्तु वहाँ जाकर मैनें ग्रामीण-परिवेश को बढ़े करीब से जाना।

गाँव में रहने वाले परिवारों में आपसी सामाञ्जस्य को मैनें वहाँ कुछ दिन बिताकर महसूस किया। रिश्तों की गहराई, अपनापन तथा परस्पर सम्मान की दृष्टि के लिये सदैव ही भारतीय संस्कृति को विश्वपटल पर याद किया जाता है। इन्हीं सबकी झलक से मैं ’कुरूऊँ गाँव’ में रूबरू हुई। परिवार में साथ रहते हुए एक-दूसरे के बच्चों का लालन-पालन अपने बच्चे की तरह करना, यह गाँव में सामान्यत: दृश्यमान है। गाँव के प्रत्येक जन को काका, अम्मा, भाभी, दीदी, भैया, मोसी आदि कहकर सम्बोधित करना गाँव की अपनी विशेषता है जिसका शहरों में अधिक प्रचलन नहीं है। इस तरह सम्बोधन करने से आपसी मनमुटाव कम ही होता है, परस्पर स्नेह की भावना जागृत होती है, अपने परिवार के सदस्यों की तरह ही सारा गाँव नज़र आता है, एवम् लोकाचार से परे किसी प्रकार का विसंगत व्यवहार प्राय: देखने को नहीं मिलता। बड़ों के प्रति श्रद्धापूर्वक पाँव छूने की प्रथा यद्यपि शहरों में लगभग लुप्त होती जा रही है तथापि ग्रामीण-समाज में आज भी इसे अत्यन्त सम्मानीय माना जाता है। शहर आज जितने बड़े होते जा रहे हैं, वहाँ रहने वाले परिवार उतने ही छोटे होते जा रहे हैं परन्तु गाँव में आज भी मुख्यत: संयुक्त परिवार का प्रचलन है। सबकी अच्छाईयों और कमियों को समझकर आपसी सामञ्जस्य और प्रेम के साथ रहना ही ग्रामीण-जीवन की देन है। इन्हीं सब विचारों को समेटे हमारे ग्रामीण-समाज को निश्चित ही भारतीय परम्परा की सुदृढ़ नींव मानना अतिशयोक्ति नहीं होगी।

डा. अपर्णा धीर खण्डेलवाल, असिस्टेन्ट प्रोफेसर, इन्स्टिटयूट आफ ऎड्वान्स्ट साइन्सीस, डार्टमोथ, यू.एस.ए.

कैसे गाँव ही विकास की इकाई तथा सभ्यता है?

बलराम सिंह

अभी जब महामारी का समय आया, तब लोग गांव की तरफ भागने लगे, बहुत सारे लोग गांव की तरफ चले गए, क्योंकि लोगों को गांव एक सुरक्षित जगह लगती है, ऐसा मुझे लगता है। मैं भी एक गांव का रहने वाला हूँ, जोकि अयोध्या के पास है। हमारे गाँव का नाम बड़ा अजीब-सा है। उसका नाम है कुरुओम, इससे ज्यादा वृहद अर्थ एक गांव का नहीं हो सकता। कुरुओम का अर्थ है, सारे संसार को ओममय कीजिये।  ओम में सिर्फ देश नहीं आता, धरती नहीं आती, बल्कि पूरा ब्रह्मांड आता है। गांव का नाम  इस  तरह से लिखा जाता था (कोरौं), उसको मैं दूसरी तरह कौरव या बांस के कोरो से जोड़कर सोचता था। लेकिन बाद में मैने उसका अध्ययन किया, तो इसकी उत्पत्ति कुरुॐ से सहज भाव से प्रतीत हो गई। 

मैंने यह अनुभव किया कि सारी सभ्यता गांव की ही सभ्यता है। मैं  कई देशों में जा चुका हूँ , अमेरिका में रहता हूँ । यहाँ पर अगर कोई village होता है, उसको बहुत अच्छा मानते हैं।  यहाँ पर उसको countryside living कहते हैं । और यहाँ पर गाँव में रहना सम्मानजनक माना जाता है। मैं सोचता हूँ  कि, सभ्यता दरअसल गाँव की ही है।

यहाँ पर हमें एक और बात पर ध्यान देना चाहिए जोकि बड़ी रोचक एवं प्रासंगिक है। बात मैं यहाँ यह उठाना चाहता हूँ कि, गांव सभा होती है, नगर सभा नहीं सुना होगा आपने कभी। सभ्यता शब्द की उत्पत्ति सभा से है, अतः सभ्यता तो सभा से आती है, इसलिए वह गांव में ही हो सकती है।  नगर में तो नगर निगम होता है। आप कभी निगम्यता नहीं सुनते कि, किसी देश की निगम्यता क्या है?  जो निगम हैं, हमारे यहाँ जो शास्त्र हैं, वेद भी उसमें आता है, वह है कि, मान्यता पहले ऊपर से होती है, फिर नीचे उसको सिद्ध किया जाता है। जबकि गांव की सभ्यता जो है, वह गाँव से क्या विचार निकलते हैं, वही सभ्यता का रूप लेते हैं। निगम वह होगा, जो ऊपर से कोई कह रहा है । सभ्यता में नीचे से ऊपर की ओर बात होती है, जहां सभा में बैठकर बात की जाती है। अगर इस दृष्टिकोण से देखें, तो भारत में पूरी तरह से गांव की सभ्यता ही है। सभा के महत्त्व को दर्शाने वाला सुभाषित का एक श्लोक है, जिसे मैंने मिडिल स्कूल में सुना था –

माता शत्रुः पिता वैरी येन  बालो  न पाठितः|

न शोभते सभा मध्ये हंस मध्ये बको  यथा||

अर्थात –   वह्  माता एक शत्रु के समान है और पिता वैरी के समान है, जो अपने बालकों तथा बालिकाओं को शिक्षित नहीं करते हैं, क्योंकि आगे के जीवन में वे सभा में शोभायमान नहीं होते है  हैं, ठीक उसी तरह जैसे कि सुन्दर हंसों के झुण्ड में एक बगुला| यहाँ पर सभा की संज्ञा हँस  हंस  से दी गयी है, जिसे उसके दो विशेष गुणों के लिए जाना जाता है, एक है सुन्दरता और दूसरा है विवेक। हँस हंस के विवेक की क्षमता को ऐसी सूक्षम्ता एवं उत्कृष्टता से नापा जाता है, जिसमे जिसमें उसके अन्दर दूध और पानी को पृथक करने की कुशलता हो। इसीलिए उसे ज्ञान की देवी माता सरस्वती का वाहन माना गया है। इस प्रकार सभा एक अत्यंत उच्च कोटि की परम्परा को दर्शाती है। और इस परंपरा की संस्कृति पुरातन काल से ही गाओं गावों में ही विद्यमान है|

भारत में दो बड़े महाकाव्य हुए हैं, महाभारत एवं रामायण, जो  भारतीय  इतिहास की दो बड़ी घटनाओं पर आधारित हैं। दोनों में आपको गांव की सभ्यता दिखाई पड़ती है।  पुरातात्विक स्थल राखीगढ़ी को कुछ लोग नगर सभ्यता बोलते हैं, लेकिन वह अभी भी गाँव ही है। मैं कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में भाग लेने २०१९ में गया था, और पाया कि वहाँ स्थानीय लोग राखीगढ़ी गांव बोलते हैं, पर न जाने किस मानसिक परतंत्रतावश शोधकर्ता जो कि शहरी मानसिकता के होते हैं, उसे नगर बुलाते हैं। संभवतः वह सिविलाइज़ेशन (सभ्यता), जो कि  पाश्चात्य जगत में सिटी (नगर) के प्रादुर्भाव पर आधारित है, की परिकल्पना की आपूर्ति के लिए नगर ही मानने में अपना मान समझते हैं।

इसी तरह गुड़गांव, जो कि गुरु द्रोण का ग्राम था, वहाँ भी गाँव की ही सभ्यता थी।

मैं जब भी भारत आता हूँ, आपने अपने गांव जरूर जाता हूँ।  हमारा संयुक्त परिवार है वहाँ। वहाँ रहता हूँ,  और मुझे वहाँ की सारी बातें पता हैं। कम-से-कम हफ्ते, दो हफ्ते मैं वहाँ रहता हूँ। मैंने देखा हुआ है कि जब बिजली नहीं आती है, तो लोगों को क्या परेशानी होती है। मैं वहाँ के (उत्तर प्रदेश) के उप मुख्यमंत्री, डॉ. दिनेश शर्मा जी से एक बार मिला, उन्होंने कहा कि गांव में हमने 18 घंटे बिजली कर दी है और शहर में हमने 24 घंटे बिजली कर दी है। मैंने कहा, उसका उल्टा करके देखिये। गांव में 24 घंटे बिजली दीजिए और शहरों में 18 घंटे। फिर आपको पता लगेगा गांव का विकास कैसे हो सकता है। गांव को इस तरह से भारत की आधुनिक शासन-व्यवस्था में हमारे गाँव मूल रूप से उपेक्षित रहा है, रहे हैं। जिसके कारण ही भारत की सभ्यता अपनी जड़ों को नहीं पकड़ पा रही है।

महाभारत के एक प्रसंग को यदि देखें, तो श्री कृष्ण  जब एक शांति दूत बनकर हस्तिनापुर गए थे, तो उन्होंने महाराज धृतराष्ट्र से पांच गांव (पांच गांव जो कृष्ण ने पांडवों के लिए मांगे थे – अविस्थल, वरकास्थल, मकांदी, वारणावत और एक नामरहित गाँव) मांगे, पाँच शहर नहीं मांग रहे थे। इसका मतलब गांव से आदान-प्रदान होता था। गांव से ही राज्य होता था।  गांव विकास की एक इकाई रही है।

भारत में आज भी साढ़े छह लाख गांव हैं। मैं गांव का रहने वाला रहने वाला हूँ । वहाँ पर मैं भी अपनी तरफ़ से थोड़ा प्रयत्न कर रहा हूँ। मैंने एक हाटनाव ऐप बनवाया है, जिससे गाँव के लोग आत्मनिर्भर हो सकें, और गाँव का स्थानीय विकास हो। गाँव में आज भी सभ्यता बहुत हद तक जीवित है।  अभी भी मुझे वहाँ कोई बलराम सिंह नहीं पुकारता, ना ही प्रोफेसर सिंह कहता है। कोई मुझे काका बोलता है, तो कोई मामा, कोई  बाबा पुकारता है, और कोई नाना, चाहे वह किसी भी जाति का हो। मतलब यह है कि हमारे रिश्ते होते हैं गांव की सभ्यता में। सारी दुनिया में कम्यूनिज़्म और समाजवाद की जो बात कही जाती है, वह भारत के गावों में व्यवहार में लायी जाती है। इस तरह से हमारे गाँव ही सभ्यता का सही मायने में प्रतिनिधित्व करते हैं।

Prof. Bal Ram Singh, Founder, HaatNow